
पखांजूर, कांकेर छत्तीसगढ़ — कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत माटोली में विकास कार्यों की राशि में अनियमितता का मामला सामने आया है। पंचायत प्रशासन ने एक ठेकेदार पर विभिन्न विकास कार्यों के लिए ली गई राशि का सही उपयोग नहीं करने का आरोप लगाया है।पंचायत से प्राप्त जानकारी के अनुसार आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण के लिए लगभग 3 लाख रुपये की राशि ठेकेदार को दी गई थी, लेकिन निर्माण कार्य अपेक्षित रूप से पूरा नहीं किया गया। वहीं पुलिया निर्माण के नाम पर 1 लाख रुपये का भुगतान भी किया गया, जबकि मौके पर पुलिया का निर्माण नहीं होने की बात कही जा रही है।पंचायत प्रतिनिधियों का आरोप है कि ठेकेदार द्वारा अलग-अलग कार्यों के लिए राशि ली गई, लेकिन कई कार्य अधूरे हैं या शुरू ही नहीं हुए हैं। इससे पंचायत को आर्थिक नुकसान होने के साथ-साथ गांव के विकास कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।इस संबंध में पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कराने की मांग की है। साथ ही संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने और ली गई राशि को ब्याज सहित वसूलने की मांग भी की गई है।ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस मामले की जांच कर कार्रवाई नहीं की गई, तो भविष्य में भी विकास कार्यों में अनियमितताओं की आशंका बनी रहेगी। प्रशासन से पूरे मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है। इसी तरह के और भी मामले हैं, उपरोक्त ठेकेदार के, जल्द पुरी खबर सबूतों के साथ प्रकाशित किया जाएगा,बने रहें हमारे चैनल परलकोट दर्पण लोकल न्यूज के साथ।





