
माटोली पंचायत में विकास कार्यों पर फिरा पानी, पुलिया और आंगनबाड़ी निर्माण में भारी अनियमितता का आरोप
पखांजूर,( माटोली ), कांकेर छत्तीसगढ़ : ग्राम पंचायत माटोली मे विकास के नाम पर सरकारी राशि का खुलेआम दुरुपयोग होने का मामला प्रकाश में आया है। यहां पुलिया निर्माण के लिए स्वीकृत राशि का आहरण होने के बावजूद धरातल पर कार्य आज भी शून्य है। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार बलाई बोस ने पुलिया के नाम पर एक लाख रुपये का भुगतान ले लिया है, लेकिन एक साल बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया है। इसी तरह आंगनबाड़ी भवन के निर्माण में भी धांधली की शिकायतें मिल रहा हैं, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
इस भ्रष्टाचार के खिलाफ वार्ड क्रमांक 11 की वार्ड पंच सविता मंडल ने कड़े तेवर अपनाते हुए प्रशासन से सीधी मांग की है कि ऐसे भ्रष्ट ठेकेदारों पर लगाम कसी जाए। सविता मंडल ने दो टूक शब्दों में कहा कि उन्हें केवल वार्ड का विकास चाहिए और यदि ठेकेदार काम करने में सक्षम नहीं है, तो जनता के पैसे वापस किए जाएं। उन्होंने प्रशासन से ठेकेदार बलाई बोस को तत्काल ब्लैकलिस्ट करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही न हो।
भ्रष्टाचार की इस पोल को खोलते हुए विभास गाइन (पिव्ही 29) ने बताया कि ठेकेदार द्वारा एक साल पहले भुगतान प्राप्त करने के बावजूद कार्य को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है। वहीं मिथुन हालदार (पिव्ही 30) ने आंगनबाड़ी भवन निर्माण पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस कार्य के लिए तीन लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है, लेकिन मौके पर जो निर्माण हुआ है वह अत्यंत घटिया स्तर का है। निर्माण में प्रयुक्त सामग्री इतनी निम्न स्तर की है कि भवन की मजबूती पर बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा हो गया है।
ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से जिला प्रशासन से इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच और ठेकेदार से राशि वसूली की मांग की है। अब देखना यह होगा कि माटोली पंचायत के जनता को उनका हक मिलता है या भ्रष्टाचार का यह खेल इसी तरह जारी रहता है।





