
मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का भव्य स्वागत, बस्तर पण्डुम के शुभारंभ हेतु पहुंचीं जगदलपुर रायपुर/जगदलपुर, 07 फरवरी 2026। देश की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू का आज बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर में गरिमामय आगमन हुआ। वे ऐतिहासिक लालबाग मैदान में आयोजित तीन दिवसीय संभाग स्तरीय बस्तर पण्डुम के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होने पहुंची हैं।मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट जगदलपुर पर राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू का आत्मीय एवं सम्मानपूर्ण स्वागत राज्यपाल श्री रमेन डेका और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू एवं वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने राष्ट्रपति का अभिनंदन किया।सांसद श्री महेश कश्यप, जगदलपुर विधायक श्री किरण सिंह देव और महापौर श्री संजय पांडे ने भी राष्ट्रपति का अभिवादन करते हुए उनका स्वागत किया। स्वागत समारोह के दौरान कमिश्नर श्री डोमन सिंह, पुलिस महानिरीक्षक श्री सुन्दरराज पी., कलेक्टर श्री आकाश छिकारा और पुलिस अधीक्षक श्री शलभ सिन्हा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।राष्ट्रपति के आगमन से बस्तर अंचल में उत्साह और गौरव का वातावरण है। बस्तर पण्डुम के आयोजन को लेकर प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। राष्ट्रपति के इस दौरे को बस्तर की सांस्कृतिक पहचान और परंपरा के लिए ऐतिहासिक क्षण माना जा रहा है।





