परलकोट दर्पण विशेष समाचार
दुर्गकोंदल, कांकेर — प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा महंगाई की मार झेल रही आम जनता पर एक और आर्थिक बोझ डालने के खिलाफ जनआक्रोश बढ़ता जा रहा है। प्रदेश सरकार ने हाल ही में बिजली दरों में वृद्धि कर दी है, जिससे पहले से ही महंगी होती जा रही जीवनशैली से जूझ रहे आम उपभोक्ताओं को गहरा झटका लगा है।
इसी के विरोध में आज दुर्गकोंदल में शिवसेना कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के इस फैसले को जनविरोधी बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की।
शिवसेना के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने स्थानीय तहसीलदार दुर्गकोंदल के माध्यम से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नाम एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें तत्काल प्रभाव से बिजली दरों में की गई वृद्धि को वापस लेने की मांग की गई है।
शिवसेना नेताओं ने कहा कि यह वृद्धि प्रदेश की आम जनता, विशेषकर गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों की कमर तोड़ देगी। पहले ही लोग खाद्य सामग्री, ईंधन, परिवहन और शिक्षा जैसी जरूरी सेवाओं की बढ़ती कीमतों से परेशान हैं। अब बिजली दरों की यह वृद्धि जनता के लिए असहनीय बन चुकी है।

शिवसेना ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने बिजली दरों में की गई वृद्धि को वापस नहीं लिया, तो पार्टी जनहित में उग्र आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी।
रिपोर्टर: असीम पाल
चीफ एडिटर, परलकोट दर्पण लोकल न्यूज चैनल