


पखांजूर, 19 फरवरी 2026। श्रीश्री रामकृष्ण आश्रम पखांजूर में स्वामी रामकृष्ण परमहंस की 191वीं जन्म जयंती के अवसर पर भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। क्षेत्र के प्रमुख आध्यात्मिक केंद्र आश्रम में विशेष पूजा-अर्चना, अनुष्ठान एवं विभिन्न धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता रही, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा।इस पावन अवसर पर श्रीश्री रामकृष्ण मिशन आश्रम नारायणपुर के महाराज विशेष रूप से उपस्थित रहे। उत्सव समिति द्वारा सुबह से लेकर देर शाम तक कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई थी। प्रातः 5.30 बजे मंगल आरती के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके पश्चात 8.30 बजे विशेष पूजा-अनुष्ठान संपन्न कराया गया।सुबह 10.30 बजे नगर भ्रमण (शोभा यात्रा) निकाली गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। 11.30 बजे पुष्पांजलि अर्पित की गई। दोपहर 1.30 से 5 बजे तक महाप्रसाद (भंडारा) का वितरण किया जाएगा ।वहीं दोपहर 2 बजे से भजन-कीर्तन एवं प्रवचन का आयोजन होगा। शाम 6.30 बजे संध्या आरती और 7.30 बजे धार्मिक अनुष्ठान के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा।उत्सव समिति के सचिव सपन सरकार एवं अध्यक्ष टुलू भट्टाचार्य ने सभी श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस पावन अवसर का लाभ लेने तथा भगवान रामकृष्ण परमहंस का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की। आश्रम परिसर में व्यापक तैयारियां की गई है, जिससे पूरे दिन श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना रहेगा।
— परलकोट दर्पण लोकल न्यूज चैनल की विशेष रिपोर्ट





