
पखांजूर में कांकेर रोडवेज़ के बस में कंडक्टर ने लगाई फांसी, इलाके में मचा हड़कंप पखांजूर, 23 फरवरी 2026।पखांजूर क्षेत्र में देर रात उस समय सनसनी फैल गई जब कांकेर रोडवेज़ की एक बस में कार्यरत कंडक्टर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक कांकेर रोडवेज़ की बस में कंडक्टर के रूप में कार्यरत था। बताया जा रहा है कि उसने अज्ञात कारणों से फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। आत्महत्या के पीछे के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है।घटना की सूचना मिलते ही पखांजूर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।वहीं, पखांजूर की निजी एम्बुलेंस सेवा से जुड़े समाजसेवी धीरेन्द्र मंडल ने तत्परता दिखाते हुए देर रात शव को शवगृह तक पहुंचाने में सहयोग किया, जिसकी क्षेत्र में सराहना की जा रही है।पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के बाद ही आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो पाएगा।फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।





